नारायणपुर

सेवा संकल्प से आकाबेड़ा तक पहुंची स्वास्थ्य सेवाएं

दूरस्थ गांव में लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर, 180 ग्रामीणों को मिली जांच और स्वास्थ्य सेवाएं

नारायणपुर, 29 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार 28 सितंबर को विकासखंड ओरछा के ग्राम आकाबेड़ा में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को गांव में ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं उपचार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

मलेरिया समेत कई स्वास्थ्य जांच

शिविर के दौरान कुल 180 जांच एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। मलेरिया जांच के तहत 65 आरडीटी, 15 पीएफ और 4 पीवी जांच की गईं। इसके अलावा 22 लोगों का बीपी, 22 लोगों का आरबीएस तथा 50 लोगों का एचबी परीक्षण किया गया।

महिला स्वास्थ्य सेवाओं के तहत एक गर्भवती महिला की एएनसी और एक प्रसूता महिला की पीएनसी जांच की गई। स्वास्थ्य अमले ने ग्रामीणों को आवश्यक परामर्श देते हुए स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी भी दी।

क्लोरीन की गोलियां बांटकर समझाया सुरक्षित पानी का महत्व

शिविर के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। पानी को शुद्ध करने के लिए क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं तथा उनके उचित उपयोग की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया।

गांव में ही मिली जांच और परामर्श की सुविधा

स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम हुई और गांव में ही जांच एवं परामर्श की सुविधा मिली। शिविर में मलेरिया सहित अन्य बीमारियों की समय पर पहचान, उपचार और बचाव के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ग्रामीणों को बीमारी की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button