नारायणपुर

नारायणपुर में DGP अरुण देव गौतम ने ली समीक्षा बैठक

नक्सल पुनर्वास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, पुलिस-सुरक्षा बलों के बेहतर समन्वय और अंदरूनी क्षेत्रों में नियमित भ्रमण के दिए निर्देश

नारायणपुर। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अरुण देव गौतम ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय नारायणपुर में नारायणपुर एवं कांकेर जिले की पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी ने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने के साथ नक्सल पुनर्वास नीति का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुनर्वासितों को मिले नीति का अधिकतम लाभ

समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि शासन की नक्सल पुनर्वास नीति का लाभ पात्र पुनर्वासितों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने आत्मसमर्पित एवं पुनर्वासित लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

तकनीक आधारित पुलिसिंग और जवाबदेही पर जोर

डीजीपी ने सभी जिलों में पारदर्शी एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को और मजबूत करने के निर्देश दिए। आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गांवों में पहुंचकर जनता का विश्वास जीतने की पहल

पुलिस महानिदेशक ने पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों के बीच बेहतर आपसी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने अंदरूनी क्षेत्रों और गांवों में नियमित भ्रमण कर विकास कार्यों का अवलोकन करने तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को समझने के निर्देश दिए। शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आम जनता का विश्वास जीतना पुलिसिंग की महत्वपूर्ण प्राथमिकता बताया।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर बी.एन. मीणा, महानिरीक्षक सीआरपीएफ कबीब के, महानिरीक्षक बीएसएफ संजय पंत, बीएसएफ एवं आईटीबीपी के उप महानिरीक्षकगण, नारायणपुर एसपी संदीप पटेल, कांकेर एसपी निखिल राखेचा सहित अन्य संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

मैत्री कैफे पहुंचे DGP, आत्मसमर्पित माओवादियों से किया संवाद

समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी अरुण देव गौतम सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने नारायणपुर पुलिस द्वारा स्थापित मैत्री कैफे का भ्रमण किया। यहां अधिकारियों ने आत्मसमर्पित माओवादियों से मुलाकात कर संवाद किया और उनके द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद भी चखा।

अधिकारियों ने आत्मसमर्पित माओवादियों द्वारा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मैत्री कैफे को आत्मसमर्पित माओवादियों को रोजगार, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नारायणपुर पुलिस की महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button