आर्ट स्टूडियो में सेंध, 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद
चोरी के मामले में कोंडागांव का आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल समेत 17 मूर्तियां हुई थीं पार, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी

नारायणपुर, 15 सितंबर। नारायणपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त की हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

आर्ट स्टूडियो से मोबाइल और मूर्तियां चोरी
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को ग्राम गढ़बेंगाल निवासी पंडी राम मंडावी ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि नारायणपुर स्थित आर्ट स्टूडियो से मोबाइल फोन के साथ 17 नग लकड़ी की मूर्तियां चोरी हो गईं। चोरी गई मूर्तियों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई।
शिकायत पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 85/2026, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मनोज विश्वकर्मा (30), पिता श्यामलाल विश्वकर्मा, निवासी पाता नरहरपारा, थाना एवं जिला कोंडागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद कर जब्त कर लीं। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल अनिल चंद्राकर की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी नारायणपुर अजय सिंह और थाना प्रभारी विनीत दुबे के नेतृत्व में थाना नारायणपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस की अपील—संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें
नारायणपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपराध से संबंधित किसी भी जानकारी को छिपाएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाकर अपराध नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की गई है।




