स्थानीय बेरोजगारों के साथ छोटेडोंगर से नारायणपुर तक पदयात्रा निकालेगी आप
खनिज हमारा, रोजगार का पहला अधिकार भी हमारा

आप प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र नाग बोले-खनिज प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को रोजगार में मिले प्राथमिकता, भर्ती में पारदर्शिता जरूरी
नारायणपुर। जिले में खनिज संपदा के दोहन के बावजूद स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट होने का मुद्दा अब सियासी तौर पर गरमाने लगा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने स्थानीय बेरोजगार युवाओं के रोजगार के अधिकार को लेकर सड़क पर उतरने की तैयारी की है। आप प्रदेश प्रवक्ता एवं बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग के नेतृत्व में जल्द ही छोटेडोंगर से नारायणपुर तक बेरोजगार युवाओं के साथ पदयात्रा निकाली जाएगी।
पार्टी का कहना है कि पदयात्रा के माध्यम से सरकार और खनन कंपनियों से स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने सहित अन्य मुद्दों पर सीधे सवाल किए जाएंगे। पदयात्रा को स्थानीय रोजगार, पारदर्शी भर्ती और खनिज प्रभावित जनता के अधिकारों की आवाज बताया गया है।
खनिज निकल रहा, युवा रोजगार के लिए भटक रहे
नरेन्द्र नाग ने कहा कि नारायणपुर की धरती से लगातार खनिज संपदा निकाली जा रही है, लेकिन खनिज प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी क्षेत्र की जमीन, जंगल और प्राकृतिक संसाधनों पर खनन का प्रभाव पड़ रहा है तो वहां के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे क्षेत्रों में पलायन क्यों करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रावघाट माइंस सहित जिले के अन्य छोटे-बड़े खनन क्षेत्रों में स्थानीय ब्लॉक और जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण और अप्रेंटिसशिप की व्यवस्था तथा भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
आप ने सरकार से पूछे सीधे सवाल
नरेन्द्र नाग ने कहा कि जब नारायणपुर की धरती से करोड़ों-अरबों रुपए की खनिज संपदा निकलेगी तो स्थानीय युवाओं के घर रोजगार क्यों नहीं पहुंचेगा? खनन से गांव प्रभावित होंगे तो प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता क्यों नहीं मिलेगी? उन्होंने पूछा कि आखिर कब तक नारायणपुर के युवाओं को रोजगार की तलाश में पलायन करना पड़ेगा।
‘सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, अधिकार की आवाज’
नाग ने कहा कि प्रस्तावित पदयात्रा महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के रोजगार और खनिज प्रभावित जनता के अधिकारों की आवाज बनेगी। उन्होंने जिले के बेरोजगार युवाओं, ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से पदयात्रा में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
इन मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेगी आप
- स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता
- भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता
- युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण व अप्रेंटिसशिप
- खनिज प्रभावित परिवारों के युवाओं के रोजगार का अधिकार
- पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर
पदयात्रा का संदेश: “अब आवाज उठेगी—रोजगार के अधिकार के लिए।”
मार्ग: छोटेडोंगर से नारायणपुर तक
नेतृत्व: नरेन्द्र नाग, प्रदेश प्रवक्ता एवं अध्यक्ष बस्तर लोकसभा, आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़
