नारायणपुर

सेवा से संकल्प तक : 17 सितंबर से भाजपा का महीनेभर का महाअभियान

मोदी के जन्मदिवस से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा और जनसरोकार के कार्यक्रम

नीलकंठ टेकाम बोले—7 अक्टूबर को सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने का विशेष अवसर

नारायणपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। महीनेभर चलने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि भाजपा की कार्यसंस्कृति का मूल आधार सेवा और जनसरोकार है। अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागी बनेंगे।

7 अक्टूबर होगा अभियान का अहम पड़ाव

विधायक टेकाम ने बताया कि 7 अक्टूबर अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव रहेगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने का अवसर रहेगा। उन्होंने इसे राष्ट्रसेवा के प्रति निरंतर समर्पण और सार्वजनिक जीवन की लंबी यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कार्य किए हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनहित और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के विकास को गति दे रही है।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

टेकाम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को केवल प्रचार तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाना है। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे तथा सेवा कार्यों के माध्यम से जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि सेवा गतिविधियों के जरिए कार्यकर्ता लोगों से सीधे जुड़ेंगे और सरकार की योजनाओं तथा उनके लाभ की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

प्रेस वार्ता में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, जिला महामंत्री संदीप कुमार झा, जिलामंत्री जैकी कश्यप, शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष हर्षोत्तम प्रशांत सिंह, भाजपा नेता अभिषेक बैनर्जी, अनूप भट्टाचार्य, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संगीता जैन, भाजयुमो जिलाध्यक्ष परमानंद नानु नाग, राजमन कश्यप और दीपक गोटा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button