सोनपुर में आयुर्वेद दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आयुर्वेदिक जीवनशैली, मौसमी बीमारियों से बचाव और घरेलू उपचार की दी जानकारी

नारायणपुर। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर सोनपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत सोनपुर के उपसरपंच श्री दयाराम भंडारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

बच्चों और ग्रामीणों को दी आयुर्वेद की जानकारी
कार्यक्रम में सोनपुर के आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. धीरेंद्र मिश्रा ने ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को आयुर्वेद पद्धति के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
डॉ. मिश्रा ने महिलाओं को घरेलू स्तर पर अपनाए जा सकने वाले आयुर्वेदिक उपचारों की जानकारी देते हुए खान-पान, दिनचर्या और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य एवं बेहतर जीवनशैली के लिए आयुर्वेदिक पद्धति को दैनिक जीवन से जोड़ने पर जोर दिया।
बीमारी से बचाव के लिए जागरूक रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बदलते मौसम में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही किसी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की समझाइश दी गई।
आयुर्वेदिक औषधियों एवं औषधीय पौधों के उपयोग के संबंध में भी जानकारी साझा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, स्वच्छता और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली महत्वपूर्ण है।
बड़ी संख्या में बच्चे हुए शामिल
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और ग्रामीणों में आयुर्वेद एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के औषधालय सेवक संतुराम नेताम सहित विभागीय कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




