
फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में होगा आयोजन; सेरेमोनियल टी-ऑफ से प्रतियोगिता का आगाज, खेल पर्यटन को नई उड़ान देने की तैयारी
रायपुर, 14 सितंबर। नवा रायपुर अब गोल्फ के राष्ट्रीय मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने की तैयारी में है। प्रदेश में गोल्फ को बढ़ावा देने और खेल पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ मंगलवार, 15 सितंबर को होगा। नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में आयोजित उद्घाटन समारोह एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव, जो डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष हैं, तथा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल की विशिष्ट मौजूदगी रहेगी। राष्ट्रीय स्तर के खेल दिग्गजों की मौजूदगी से प्रतियोगिता को नई पहचान मिलने के साथ छत्तीसगढ़ में गोल्फ और खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
टी-ऑफ से खुलेगा गोल्फ का नया अध्याय
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री साय शाम 3.05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथियों की गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात होगी तथा प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा।
इसके पश्चात प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इसमें मुख्यमंत्री सहित आयोजन से जुड़े अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे और प्रतियोगिता के उद्देश्यों, आयोजन की संभावनाओं तथा प्रदेश में गोल्फ को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा करेंगे।
गोल्फ के साथ खेल पर्यटन पर नजर
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ को केवल प्रतियोगिता के रूप में नहीं, बल्कि नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। आयोजन के जरिए प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि बढ़ाने और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ इससे प्रदेश की खेल संस्कृति को नई गति मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय मंच पर दिखेगी नवा रायपुर की क्षमता
गोल्फ जैसे खेल के बड़े आयोजन की मेजबानी से नवा रायपुर की आधुनिकता, खेल अधोसंरचना और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे आने वाले समय में अन्य बड़े खेल आयोजनों के लिए भी नवा रायपुर की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं।
‘नवा रायपुर ओपन 2026’ के माध्यम से प्रदेश में खेल और पर्यटन को एक साथ आगे बढ़ाने की कोशिश है। एक ओर जहां खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का मंच मिलेगा, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के जरिए नवा रायपुर की पहचान खेल पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में बनाने की राह भी खुलेगी।

