खेल

नवा रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 का रोमांच, तैयारियां पूरी

16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले; मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा

रायपुर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाली टी-20 सीरीज को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीरीज के तहत 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को तीन अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर बुधवार को मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पार्किंग, बिजली, इंटरनेट और दर्शकों की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

ई-टिकट से प्रवेश, स्टेडियम में मिलेगा ओपन वाई-फाई

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। ऑनलाइन ई-टिकट व्यवस्था के साथ टिकट स्कैनिंग को आसान बनाने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। टिकट पर स्टेडियम का नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।

पार्किंग से लेकर सीसीटीवी तक पुख्ता इंतजाम

स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से संचालित किया जाएगा। मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस और ग्रीन कॉरिडोर

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपातकालीन उपचार और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं, अग्निशमन विभाग द्वारा फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन स्थिति में आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

बिजली और मोबाइल नेटवर्क पर भी फोकस

मैच के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीएसएनएल को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। दर्शकों के लिए खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

लोकल सपोर्ट कमेटी करेगी समन्वय

मैच के सफल संचालन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। इसमें रायपुर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं। समिति विभिन्न विभागों के बीच समन्वय कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी

बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसम्पर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, फायर एंड सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button