नारायणपुरखेल

स्केटिंग रिंग नहीं, फिर भी नारायणपुर के बच्चों ने जीते 23 पदक

इंटर स्कूल रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन; 9 स्वर्ण, 6 रजत और 8 कांस्य पदक पर जमाया कब्जा

नारायणपुर। सीमित खेल सुविधाओं के बीच भी नारायणपुर के प्रतिभावान स्केटिंग खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और हुनर का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। वीर सावरकर इंडोर स्टेडियम में 3 एवं 4 अक्टूबर को आयोजित प्रथम इंटर स्कूल रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता-2026 में नारायणपुर के 23 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जगदलपुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के करीब 200 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

नारायणपुर के खिलाड़ियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 स्वर्ण, 6 रजत और 8 कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत रही।

तीन घंटे रोज अभ्यास, चोट के बावजूद नहीं मानी हार

कोच आर. बलराम पुरी ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए खिलाड़ियों ने प्रतिदिन करीब तीन घंटे नियमित अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान कई बच्चों को चोटें भी लगीं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। चोट और परेशानियों के बावजूद खिलाड़ी लगातार अभ्यास करते रहे और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल किए।

कोच ने बताया कि नारायणपुर में अभी तक स्केटिंग के लिए उचित रिंग और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद बच्चों का उत्साह कम नहीं हुआ। सीमित संसाधनों में अभ्यास कर ये खिलाड़ी लगातार प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर रहे हैं।

9 खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण

स्वर्ण पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों में भव्या उसेंडी, चित्रांश, युवांश साहू, जिंदगी देवांगन, नियति बम्भोले, दानिश मेमन, दिव्यांशी नेताम, अन्मय यादव और अंजली शामिल हैं।

6 खिलाड़ियों के नाम रजत पदक

रजत पदक जीतने वालों में अद्विक राठौर, काव्यांश नेताम, अनुराग नांदरे, मनदीप सिंग, देवांशी नागवंशी और आर आर्यव शामिल रहे।

कांस्य पदक भी नारायणपुर की झोली में

कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों में तनिष्क उसेंडी, मानस्वी जैन, शौर्य साहु, आरोन टोप्पो, इबादत ताज, आदित्य साहु, उम्मे कुलसुम और आरु कुमावत शामिल हैं।

खेल सुविधाएं मिलें तो राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगे खिलाड़ी

खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों का कहना है कि नारायणपुर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और पर्याप्त खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की। यदि जिले में स्केटिंग रिंग, प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था, खेल मैदान और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो यहां के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।

अभिभावकों ने प्रशासन से नारायणपुर में स्केटिंग सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।

स्कूलों ने दी खिलाड़ियों को बधाई

नारायणपुर के आदेश्वर स्कूल, सेजेस, केंद्रीय विद्यालय एवं विश्वदीप्ति स्कूल के प्राचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों और शहरवासियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई। सभी ने खिलाड़ियों, कोच और अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उम्मीद की उड़ान

नारायणपुर के इन खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी प्रतिभा की राह नहीं रोक सकती। यदि इन्हें बेहतर सुविधाएं और नियमित प्रशिक्षण मिले तो यही खिलाड़ी आने वाले समय में प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button