36 टीमों को पछाड़ डीआरजी सुकमा बना चैंपियन, अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग में 77 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
वीर स्मृति बैडमिंटन कप का समापन, एबीएल सीजन-3 का आगाज; खेल के मैदान से अबूझमाड़ में विश्वास और सकारात्मक बदलाव का संदेश

नारायणपुर। अबूझमाड़ में खेल के मैदान से विश्वास, भाईचारे और सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिखी जा रही है। नारायणपुर के रामकृष्ण मिशन इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को वीर स्मृति बैडमिंटन कप का भव्य समापन हुआ। बस्तर संभाग के सात जिलों की डीआरजी-एसटीएफ टीमों के साथ आईटीबीपी, बीएसएफ, सीआरपीएफ और एसएसबी की कुल 36 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। रोमांचक फाइनल में डीआरजी सुकमा ने एसएसबी 28वीं बटालियन कांकेर को लगातार दो सेट में 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। डीआरजी बीजापुर तीसरे स्थान पर रही।

विजेता टीम को अतिथियों ने विजेता कप और बैडमिंटन रैकेट प्रदान कर सम्मानित किया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

अब 6 टीमों के बीच एबीएल का रोमांच
वीर स्मृति बैडमिंटन कप के समापन के साथ ही अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (एबीएल) सीजन-3 का भी आगाज हो गया। लीग में छह टीमें मैदान में हैं। ऑक्शन के जरिए चुने गए कुल 77 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
ये टीमें आमने-सामने— फरसबेडा डिफेंडर्स, तुलार टाइटंस, कुतुल नाइट राइडर्स, हांदावाड़ा रैकेटर्स, कच्चापाल ब्लास्टर्स और गारपा जायंट्स।
लीग में विजेता टीम को 1 लाख 21 हजार रुपए, उपविजेता को 85 हजार रुपए और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि मिलेगी।
पहले ही दिन 6 मुकाबले, तीन टीमों का दबदबा
एबीएल के उद्घाटन दिवस पर तीन कोर्ट में डी और ई कैटेगरी के छह मुकाबले खेले गए। दोनों कैटेगरी में तुलार टाइटंस, कुतुल नाइट राइडर्स और गारपा जायंट्स ने जीत दर्ज की।
डी कैटेगरी में तुलार टाइटंस ने फरसबेडा डिफेंडर्स, कुतुल नाइट राइडर्स ने हांदावाड़ा रैकेटर्स और गारपा जायंट्स ने कच्चापाल ब्लास्टर्स को हराया। वहीं ई कैटेगरी में भी इन्हीं तीन टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। शानदार रैलियों और कड़े संघर्ष ने स्टेडियम में मौजूद खेलप्रेमियों का उत्साह बढ़ाया।
खेल के बहाने पुलिस-सुरक्षा बल और स्थानीय समुदाय करीब
एबीएल महज बैडमिंटन प्रतियोगिता नहीं है। इसके जरिए पुलिस, सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच आपसी विश्वास, बेहतर समन्वय और सकारात्मक वातावरण मजबूत करने की पहल की जा रही है। अलग-अलग जिलों और सुरक्षा बलों से आए खिलाड़ियों का एक ही कोर्ट पर मुकाबला करना अबूझमाड़ में बदलती तस्वीर और खेल के जरिए जुड़ते रिश्तों का संदेश दे रहा है।
नारायणपुर पुलिस की ओर से आयोजित यह आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने और अबूझमाड़ की सकारात्मक पहचान को सामने लाने की दिशा में भी अहम पहल माना जा रहा है।
ये रहे मौजूद
समापन एवं शुभारंभ कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इन्द्र प्रसाद बघेल, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, डीएफओ वेंकट एमजी, 45वीं बटालियन आईटीबीपी के कमांडेंट राजीव गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, स्वामी व्याप्तानंद सचिव रामकृष्ण मिशन आश्रम, देवानंद रस्तोगी प्रबंधक बीएसपी रावघाट, एचएन झा सहायक प्रबंधक जायसवाल नेक्को सहित पुलिस, प्रशासन एवं सुरक्षा बलों के अधिकारी मौजूद रहे।
अतिथियों ने कहा कि खेल अनुशासन और टीम भावना के साथ-साथ आपसी विश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय का अवसर देते हैं।
12 सितंबर तक चलेगा रोमांच: अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 के मुकाबले 12 सितंबर तक रामकृष्ण मिशन इंडोर स्टेडियम में जारी रहेंगे। आने वाले मुकाबलों में छह टीमों के बीच खिताब के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिलेगा।