नारायणपुर

जनजातीय कर्मचारियों के मुद्दों पर आयोग अध्यक्ष से मिला शासकीय सेवक संघ

स्थानीय भर्ती शुरू करने और पदोन्नति में आरक्षण बहाल करने की मांग, छात्रावास अधीक्षक समेत अहम पदों पर आदिवासी सेवकों की नियुक्ति का उठाया मुद्दा

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी एवं उपाध्यक्ष एमडी ठाकुर के नारायणपुर प्रवास के दौरान बुधवार को छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग अध्यक्ष से सौजन्य भेंट की। जिला प्रवास पर पहली बार पहुंचे आयोग अध्यक्ष का संघ की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अनुसूचित जनजाति वर्ग के शासकीय सेवकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को आयोग अध्यक्ष के समक्ष रखा।

बस्तर में स्थानीय भर्ती फिर शुरू करने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर संभाग में स्थानीय भर्ती प्रक्रिया पुनः प्रारंभ करने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही शासकीय सेवकों की पदोन्नति में आरक्षण बहाल करने का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए भर्ती एवं पदोन्नति से जुड़े प्रावधानों पर गंभीरता से विचार किया जाना जरूरी है।

महत्वपूर्ण पदों पर आदिवासी सेवकों को मिले अवसर

संघ ने छात्रावास अधीक्षक, मंडल संयोजक और विकासखंड स्रोत समन्वयक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अनुसूचित जनजाति वर्ग के शासकीय सेवकों की नियुक्ति की मांग भी रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में इन पदों पर स्थानीय परिस्थितियों और समुदाय की आवश्यकताओं को समझने वाले कर्मचारियों को अवसर मिलने से व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

फर्जी शिकायतों पर जांच के बाद ही कार्रवाई की मांग

बैठक में अनुसूचित जनजाति वर्ग के कर्मचारियों के विरुद्ध की जा रही कथित फर्जी शिकायतों का मुद्दा भी उठाया गया। संघ ने मांग की कि ऐसी शिकायतों पर नियमानुसार जांच के बाद ही समुचित कार्रवाई की जाए, ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

अध्यक्ष ने दिया गंभीरता से विचार का भरोसा

आयोग अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने प्रतिनिधिमंडल के सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए संघ की ओर से दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने संघ के सदस्यों से परिचय भी प्राप्त किया।

प्रतिनिधिमंडल में संघ के महासचिव डॉ. भागेश्वर पात्र, सचिव हरेश ठाकुर, संयुक्त सचिव डॉ. दीपेश रावटे, ब्लॉक अध्यक्ष अमरसिंह नाग, कन्हैया उइके, शिवराम नेताम, सीएल सुधाकर, वासुदेव भारद्वाज सहित अन्य शासकीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button