बेनूर में मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का चक्काजाम, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
बेनूर में मूलभूत सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का चक्काजाम, सरकार के खिलाफ नारेबाजी

नारायणपुर। क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने बेनूर में मोर्चा खोल दिया। मंडल कांग्रेस कमेटी बेनूर के तत्वावधान में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने बस स्टैंड चौक पर प्रदर्शन कर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मूलभूत समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। बाद में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।

अधिकारियों की आवाजाही, फिर भी समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीण
आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इसी मार्ग से क्षेत्रीय सांसद महेश कश्यप, विधायक एवं वन मंत्री केदार कश्यप सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों का लगातार आना-जाना रहता है। इसके बावजूद क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। राशन कार्ड बनवाने और उससे संबंधित प्रक्रियाओं में आ रही दिक्कतों के कारण भी आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
समस्याएं दूर नहीं हुईं तो आंदोलन होगा व्यापक
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ग्रामीणों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
आंदोलन में पूर्व विधायक चंदन कश्यप, पीसीसी महासचिव रजनू नेताम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडी राम वड्डे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष देवनाथ उसेंडी, आदिवासी मोर्चा कांग्रेस अध्यक्ष मैनु राम कुमेटी, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष राजू देहारी, संगठन महासचिव संजय राय, प्रशासनिक महासचिव शेख तौहीद अहमद, मीडिया एवं शहर कांग्रेस प्रभारी रवि देवांगन, प्रमोद नैलवाल, कोषाध्यक्ष वीपी शुक्ला, शब्बीर बढ़गुजर सहित कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। चक्काजाम के चलते बस स्टैंड चौक पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।



