नारायणपुरखेल

5-5 की बराबरी… फिर निर्णायक मुकाबला और कुतुल नाइट राइडर्स ने मारी बाजी

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का रोमांचक फाइनल: हांडावाड़ा रैकेटियर्स उपविजेता, गरपा जायंट्स तीसरे स्थान पर

5-5 की बराबरी… फिर निर्णायक मुकाबला और कुतुल नाइट राइडर्स ने मारी बाजी

अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का रोमांचक फाइनल: हांडावाड़ा रैकेटियर्स उपविजेता, गरपा जायंट्स तीसरे स्थान पर

नारायणपुर | 13 सितंबर

अबूझमाड़ में खेल के जरिए सकारात्मक बदलाव और युवाओं को नई दिशा देने की पहल का शानदार समापन शनिवार को आर.के.एम. इंडोर स्टेडियम, रामकृष्ण मिशन आश्रम में हुआ। तीन दिन तक चले अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग (ABL) सीजन-3 के खिताबी मुकाबले में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। कुतुल नाइट राइडर्स और हांडावाड़ा रैकेटियर्स के बीच फाइनल के छह मुकाबलों के बाद स्कोर 5-5 पॉइंट पर बराबर रहा। इसके बाद नियम के तहत दोनों टीमों के दो सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच निर्णायक मुकाबला कराया गया, जिसमें कुतुल नाइट राइडर्स ने बाजी मारकर खिताब अपने नाम कर लिया।

निर्णायक मुकाबले में निकला चैंपियन

फाइनल में दोनों टीमों ने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया। निर्धारित छह अलग-अलग श्रेणियों में मुकाबले हुए। छह मैचों के बाद दोनों टीमों के खाते में 5-5 अंक रहे। बराबरी टूटने के लिए नियम के मुताबिक दोनों टीमों के दो सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच निर्णायक मुकाबला कराया गया। इसमें कुतुल नाइट राइडर्स ने जीत दर्ज कर ABL सीजन-3 की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

कुतुल नाइट राइडर्स के ओनर अभिजीत शिल एवं डॉ. नवीन कोठारे रहे। वहीं हांडावाड़ा रैकेटियर्स के ओनर पवन सुराना एवं सतीश अग्रवाल हैं। गरपा जायंट्स, जिसके ओनर लय जैन हैं, प्रतियोगिता में द्वितीय उपविजेता रही।

ये रहे टूर्नामेंट के छह चमकते सितारे

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए छह खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इनमें हांडावाड़ा रैकेटियर्स के आयुष माखीजा (रायपुर), फरसबेड़ा डिफेंडर्स के श्रेयांश सिन्हा (नारायणपुर), तूलार टाइटन्स के कौशलेन्द्र (सुकमा), गरपा जायंट्स के आर्यन सिंह (बिलासपुर), कुतुल नाइट राइडर्स के अंकुर पांडेय (जगदलपुर) और कछपाल ब्लास्टर्स के मानस भट्टाचार्य (बिलासपुर) शामिल रहे।

कोर्ट पर उतरे IG से निरीक्षक तक के अधिकारी

ABL के तीसरे दिन वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता ने भी आयोजन में नया रोमांच भर दिया। निरीक्षक से लेकर पुलिस महानिरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने कोर्ट पर उतरकर खेल कौशल दिखाया। पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षा बलों की आठ टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में पुलिस, बीएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी सहित विभिन्न सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों की भागीदारी रही। अधिकारियों के बीच मुकाबलों में खेल भावना के साथ आपसी सौहार्द, समन्वय और टीम भावना भी देखने को मिली।

डीआईजी बीएसएफ की जोड़ी बनी वीर स्मृति विजेता

वीर स्मृति प्रतियोगिता के फाइनल में डीआईजी बीएसएफ पारिश देशमुख एवं 129वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी अनिल कुमार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। डीआईजी कमलोचन कश्यप एवं निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र की टीम उपविजेता रही।

प्रतियोगिता में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, कांकेर एसपी निखिल राखेचा, नारायणपुर एसपी संदीप पटेल, सीएसपी जगदलपुर सुमित धोत्रे, डीएफओ नारायणपुर वेंकटेश एम.जी., कमांडेंट एसएसबी, कमांडेंट आईटीबीपी, डीआईजी बीएसएफ सहित पुलिस एवं सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने भागीदारी की।

खेल से विश्वास, विश्वास से बदलाव का संदेश

समापन समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल एवं रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी व्याप्तानंद मौजूद रहे। पुलिस-प्रशासन और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों, खिलाड़ियों, टीम मालिकों और खेलप्रेमियों की मौजूदगी में विजेताओं को सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल (आईपीएस) ने कहा कि “शांति, खेल और समृद्धि” की भावना से आयोजित ABL ने अबूझमाड़ की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच, सहयोग और टीम भावना को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराने की है।

तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने अबूझमाड़ में खेल, सौहार्द और विश्वास का माहौल बनाया। कोर्ट पर खिलाड़ियों की जीत के साथ आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और अबूझमाड़ में विश्वास का सेतु मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button