नारायणपुर

आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगेगा अंकुश

नारायणपुर में एबीसी सेंटर का शुभारंभ, नसबंदी और रेबीज टीकाकरण से होगा पशु जनसंख्या नियंत्रण

नारायणपुर। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद नारायणपुर ने वार्ड क्रमांक-3 स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने डॉग कैचर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एबीसी सेंटर के संचालन से अब नगर क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को वैज्ञानिक एवं मानवीय तरीके से पकड़कर उनकी नसबंदी (स्टरलाइजेशन) और रेबीज टीकाकरण किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य आवारा कुत्तों की अनियंत्रित बढ़ती आबादी पर नियंत्रण करना, कुत्तों के काटने की घटनाओं में कमी लाना तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल ने कहा कि नगर के विकास के साथ पशु प्रबंधन भी उतना ही आवश्यक है। एबीसी सेंटर की स्थापना से पशु जनसंख्या नियंत्रण के साथ-साथ पशुओं के प्रति मानवीय व्यवहार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रामचंद्र यादव, पशु विभाग के सहायक संचालक डॉ. दीपेश रावटे, सहायक शल्यज्ञ पशु चिकित्सा डॉ. रेश्मा ध्रुव सहित नगर पालिका एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वार्ड पार्षद सहित नगर पालिका के कई पार्षदों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर अभियान को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

नगर पालिका परिषद और पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त प्रयास से शुरू किया गया यह अभियान शहर में पशु जनसंख्या नियंत्रण और जनस्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस व्यवस्था का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा और शहर में बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण निर्मित होगा।

डॉग कैचर वाहन को हरी झंडी, नगर पालिका और पशु विभाग मिलकर चलाएंगे अभियान

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page