नारायणपुर

जनदर्शन में उठीं गांवों की समस्याएं, कलेक्टर ने अफसरों से कहा- समय-सीमा में करें समाधान

भूमि, पेयजल, सड़क, आवास, शिक्षा और बिजली से जुड़े आवेदन पहुंचे जनदर्शन में, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नारायणपुर। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में गुरुवार को जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर नम्रता जैन ने एक-एक आवेदन पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने तथा सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनदर्शन में भूमि विवाद, पेयजल संकट, सड़क निर्माण, शिक्षा, विद्युत, आवास, पंचायत व्यवस्था, निर्माण कार्यों की स्वीकृति सहित विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़े बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत दिलाने का भरोसा दिलाया।

भूमि, पट्टा और बोर खनन की मांग प्रमुख रही

ग्राम धौड़ाई निवासी श्रीमती दशमी बघेल ने निवास स्थान का पट्टा प्रदान करने की मांग रखी। वहीं ग्राम मलेचुर की शकुंतला करंगा ने बोर खनन कराने का आवेदन दिया। राकेश कावड़े ने निर्माण कार्यों की स्वीकृति की मांग की, जबकि ग्राम हिकुल के ग्रामीणों ने गांव के नाम में दर्ज त्रुटि सुधारने का अनुरोध किया।

पंचायतों से जुड़े मामलों पर भी पहुंचे आवेदन

ग्राम पंचायत कोंगेरा के सरपंच ने पंचायत सचिव के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग रखी। पदमकोट के सरपंच ने क्रेडा विभाग के अधिकारी को हटाने तथा पंचायत में भ्रष्टाचार की जांच कराने का आवेदन सौंपा। कस्तूरमेटा के सरपंच ने सीसी सड़क निर्माण और कोहकामेटा के सरपंच ने हल्बा राउत एकल सामुदायिक भवन की स्वीकृति की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।

शिक्षा, पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याएं भी उठीं

ग्राम गुदाड़ी की दीपान्ती कोर्राम ने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई के लिए सहयोग राशि उपलब्ध कराने की मांग की। बितुराम सलाम ने छात्रावास में प्रवेश दिलाने का आवेदन दिया, जबकि सुबोध विश्वकर्मा ने क्षतिग्रस्त विद्युत पोल सुधारने की मांग रखी। मेटानार और गरदापाल के ग्रामीणों ने सोलर पंप एवं हैंडपंप स्थापना की मांग करते हुए आवेदन सौंपे।

शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने की उठी मांग

सिंगोड़ीतराई के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि के अवैध क्रय-विक्रय और अतिक्रमण पर रोक लगाने की मांग की। वहीं बंशीलाल कोर्राम ने सड़क निर्माण में लगी मशीनों से मुरूम मिट्टी का समतलीकरण कराने का अनुरोध किया।

जनप्रतिनिधियों ने भी रखीं विकास संबंधी मांगें

जिला पंचायत सदस्य लता कोर्राम ने प्राथमिक शाला छोटेकुम्हारी में शिक्षक की नियुक्ति की मांग रखी। जिला पंचायत सदस्य प्रमिका सुकमन कचलाम ने स्वीकृत आरसीसी पुलिया निर्माण का स्थान परिवर्तित कर ग्राम पंचायत बावड़ी में दसरू के खेत के पास निर्माण कराने का अनुरोध किया।

समय-सीमा में समाधान का भरोसा

कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आवेदकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का निष्पक्ष और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा, ताकि आमजन को प्रशासनिक सेवाओं का त्वरित लाभ मिल सके।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page