गोवंश तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 45 मवेशी छुड़ाए… चार तस्कर गिरफ्तार
धौड़ाई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त • बिना वैध दस्तावेज बाजार ले जाए जा रहे थे गोवंश • पशु क्रूरता और अवैध परिवहन पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति

नारायणपुर। जिले में अवैध गोवंश परिवहन और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धौड़ाई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 गोवंश को मुक्त कराया, परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किया तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 जुलाई को प्राप्त सूचना के आधार पर थाना धौड़ाई पुलिस ने कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी कांकेर जिले के ग्राम बोरोंडी से गोवंश खरीदकर बिना किसी वैध दस्तावेज और निर्धारित पशु परिवहन नियमों का पालन किए बाजार में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की, जिसमें 45 गोवंश बरामद हुए। इसके बाद सभी पशुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर परिवहन में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में ग्राम सुलेंगा निवासी चार आरोपियों—रामू राम सलाम (57), रूपजी सलाम (42), सुकुराम कोर्राम (41) एवं आसमन नेताम (26) को गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों को 24 जुलाई को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ अपराध
मामले में थाना धौड़ाई में अपराध क्रमांक 04/2026 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
एसपी बोले— कानून तोड़ने वालों पर रहेगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि नारायणपुर पुलिस अवैध गोवंश परिवहन, पशु क्रूरता तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




