नक्सल मोर्चे पर अब और कसा शिकंजा, यूनिफाइड कमांड ने तैयार की मानसून रणनीति
नारायणपुर में सुरक्षा एजेंसियों की उच्चस्तरीय बैठक, संयुक्त अभियानों की समीक्षा • खुफिया तंत्र, कैंपों की तैयारियों और लॉजिस्टिक व्यवस्था पर मंथन • एसपी बोले— शांति, सुरक्षा और विकास के लिए समन्वय ही सबसे बड़ी ताकत

(कैलाश सोनी)नारायणपुर। नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा मानसून के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों की धार तेज करने के उद्देश्य से यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट ऑपरेशनल कमांड की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले की आंतरिक सुरक्षा, नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति, संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति और आगामी रणनीति पर विस्तृत मंथन हुआ। अधिकारियों ने संयुक्त अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, खुफिया सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान तथा संयुक्त अभियान की रणनीति की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न सुरक्षा शिविरों की स्थिति, सुरक्षा बलों की लॉजिस्टिक आवश्यकताओं तथा मानसून के दौरान परिचालन क्षमता बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मानसून में भी अभियान की रफ्तार रहेगी बरकरार
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने मानसून के कारण उत्पन्न होने वाली चुनौतियों के बीच सुरक्षा अभियानों को निर्बाध रूप से जारी रखने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। सुरक्षा शिविरों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, आवागमन, संचार व्यवस्था तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष तैयारियों की समीक्षा की गई।
जनविश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ आम नागरिकों का विश्वास मजबूत करना और विकास कार्यों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा और जनसंपर्क दोनों मोर्चों पर प्रभावी कार्य करते हुए क्षेत्र में शांति का माहौल कायम रखा जाए।
एसपी ने दिए समन्वित कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित सूचना साझा करना तथा योजनाबद्ध संयुक्त अभियान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान सतर्क रहते हुए संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अक्षय साबद्रा एवं ऐश्वर्य चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक लोकेश बंसल, मनोज मंडावी, अविनाश कंवर, आशीष नेताम, अमृता पैंकरा, विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रतिनिधि तथा 16वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी उपस्थित रहे।




