डायल-112 की फुर्ती से बचीं दो जिंदगियां, सड़क हादसों में घायल युवकों को समय पर मिला उपचार
डायल-112 की फुर्ती से बचीं दो जिंदगियां, सड़क हादसों में घायल युवकों को समय पर मिला उपचार

नारायणपुर। सड़क दुर्घटनाओं में ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व को एक बार फिर नेक्स्ट जेन CG डायल-112 सेवा ने साबित किया है। शनिवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर जिला अस्पताल पहुंचाया, जिससे दोनों का तत्काल उपचार शुरू हो सका। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

खोड़गांव में घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया
पुलिस के अनुसार पहली घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे भरंडा थाना क्षेत्र के ग्राम खोड़गांव मुख्य मार्ग पर हुई। डायल-112 को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल होकर सड़क पर पड़ा है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक सहायता देने के बाद बिना देर किए जिला अस्पताल, नारायणपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
इस कार्रवाई में डीएसएफ आरक्षक महेंद्र नाग तथा वाहन चालक दिनेश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सिंगोड़ीतराई-गुदरीपारा मार्ग पर दूसरी जान भी बचाई
इसी दिन शाम करीब पांच बजे दूसरी सूचना सिंगोड़ीतराई-गुदरीपारा मार्ग पर थाना कोतवाली क्षेत्र से प्राप्त हुई, जहां सड़क दुर्घटना में एक युवक घायल हो गया था। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद शासकीय वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू कराया गया।
इस कार्रवाई में आरक्षक ज्ञानदास खांडे, डीसीएफ आरक्षक अर्जुन सलाम तथा वाहन चालक दिनेश पटेल ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आपकी एक सूचना बचा सकती है किसी की जिंदगी
नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल नेक्स्ट जेन CG डायल-112 पर दें। समय पर दी गई सूचना घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने और अमूल्य जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। पुलिस ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डायल-112 की टीमें जिलेभर में 24 घंटे मुस्तैद हैं।




