समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, योजनाओं में तेजी के निर्देश
जनगणना, सुशासन शिविर और छात्रावास प्रवेश पर जोर, पिडियाकोट निर्माण व राशन कार्ड बनाने के निर्देश

नारायणपुर। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने कार्यों में तेजी लाएं और किसी भी प्रकरण को निर्धारित समय-सीमा से लंबित न रहने दें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता से निराकृत करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जनगणना कार्य, सुशासन एक्सप्रेस शिविरों के आयोजन और शिक्षा से जुड़े कार्यों को गंभीरता से पूरा करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी पात्र विद्यार्थियों का आश्रम-छात्रावासों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।
नियद नेल्लानार कैंपों की समीक्षा, सर्वे में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में नियद नेल्लानार योजना अंतर्गत संचालित 38 कैंपों की समीक्षा की गई। इनमें ओरछा क्षेत्र में 37 और नारायणपुर में 1 कैंप संचालित हैं, जो कुल 116 ग्राम और 26 ग्राम पंचायतों को कवर कर रहे हैं। अब तक 109 ग्रामों में सर्वे पूरा कर 4302 परिवारों के 19,547 लोगों की जानकारी संकलित की गई है। कलेक्टर ने प्रगति पर संतोष जताते हुए शेष ग्रामों में सर्वे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने पर जोर
कलेक्टर ने चयनित ग्रामों में राशन कार्ड, आधार, आयुष्मान कार्ड, वोटर आईडी सहित आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता की समीक्षा की। साथ ही जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, जननी सुरक्षा, मातृत्व वंदन, पेंशन योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। अधूरे दस्तावेजों को शीघ्र पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना, छात्रावास प्रवेश, साक्षरता कार्यक्रम, स्कूलों में नाश्ता व्यवस्था सहित शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, एनीमिया जांच, टीबी उन्मूलन, पोषण पुनर्वास केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली गई। महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कृषि एवं अन्य विभागों की समीक्षा में धान उठाव, किसान सम्मान निधि, केसीसी, पशु टीकाकरण, जल शक्ति अभियान और नशामुक्ति अभियान की प्रगति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों और भू-अभिलेख सर्वे सहित लंबित मामलों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पिडियाकोट निर्माण और निरीक्षण के निर्देश
कलेक्टर ने पिडियाकोट निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण करने और ग्रामीणों के राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए। ग्राम पंचायतों के नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
उत्कृष्ट कार्य पर सम्मान
बैठक के अंत में जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर में बेहतर कार्य के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टीआर कुंवर एवं डीपीएम राजीव कुमार सिंह बघेल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




