संघर्षों से जीतकर डॉक्टर बना बस्तर का बेटा

लेगड़ीबाई के चंद्रेश पात्र ने आर्थिक अभाव और हादसों को हराकर पूरा किया एमबीबीएस का सपना, वन मंत्री केदार कश्यप ने दी शुभकामनाएं
नारायणपुर। अबूझमाड़ अंचल के युवा अब केवल सपने नहीं देख रहे, बल्कि कठिन परिस्थितियों को पीछे छोड़ उन्हें साकार भी कर रहे हैं। छोटेडोंगर क्षेत्र के लेगड़ीबाई गांव के युवा चंद्रेश पात्र ने आर्थिक तंगी, पारिवारिक संघर्ष और दो बड़े हादसों के बावजूद एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर पूरे बस्तर का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अब क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गई है।
प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने चंद्रेश पात्र को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बस्तर की सफलता है। उन्होंने कहा कि चंद्रेश ने अपने संघर्ष और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, मजबूत इरादों के सामने हार मान लेती हैं।
साय सरकार में शिक्षा से बदल रहा बस्तर : केदार कश्यप
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में शिक्षा और युवा विकास को लेकर सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक शिक्षा सुविधाओं के विस्तार, छात्रावासों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था के कारण अब यहां के बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की शिक्षा नीति का ही परिणाम है कि आज बस्तर के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
एकलव्य विद्यालयों से मिल रही नई उड़ान
मंत्री कश्यप ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय वनांचल के बच्चों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरे हैं। इन संस्थानों में विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों के साथ प्रतियोगी माहौल मिल रहा है, जिससे उनकी प्रतिभाओं को नया मंच मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी शिक्षा पहुंचाना चुनौती माना जाता था, वहां के बच्चे अब मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। चंद्रेश पात्र की उपलब्धि इसी बदलाव की जीवंत तस्वीर है।
युवा प्रतिभाएं बन रहीं बस्तर की नई पहचान
वन मंत्री ने कहा कि बस्तर अब केवल अपनी संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि यहां की युवा प्रतिभाओं की उपलब्धियों के लिए भी देशभर में पहचान बना रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि चंद्रेश पात्र की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करेगी और बस्तर में सकारात्मक बदलाव की नई ऊर्जा पैदा करेगी।




