नारायणपुर

आजादी के जश्न की तैयारी तेज: 15 अगस्त को हाईस्कूल मैदान में होगा जिला स्तरीय समारोह

कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, सुरक्षा, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर यातायात तक का तैयार हुआ ब्लूप्रिंट

नारायणपुर, 6 अगस्त। जिले में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, अनुशासित और भव्य स्वरूप देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में कलेक्टर नम्रता जैन ने समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और जनभागीदारी का प्रतीक बने तथा किसी भी व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में तय किया गया कि 15 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित होगा। मुख्य अतिथि प्रातः ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे तथा मुख्यमंत्री का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में आकर्षक मार्चपास्ट, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, उत्कृष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान और विभिन्न विभागों की सहभागिता मुख्य आकर्षण होगी।

कलेक्टर नम्रता जैन ने राष्ट्रीय ध्वज संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, संस्थानों एवं शिक्षण संस्थाओं में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया जाए। उन्होंने समारोह स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में समारोह को सफल बनाने के लिए मंच निर्माण, साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग, मीडिया समन्वय, आमंत्रण पत्र वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड, पुरस्कार वितरण, अग्निशमन व्यवस्था और वीआईपी प्रोटोकॉल सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें।

बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों की प्रस्तुतियां देशभक्ति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागरूकता की भावना पर आधारित हों। सभी प्रस्तुतियों का समयबद्ध पूर्वाभ्यास कराया जाएगा तथा अंतिम रिहर्सल के बाद चयनित कार्यक्रम ही मुख्य समारोह में प्रस्तुत किए जाएंगे।

परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड सहित विभिन्न दलों की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अधिक आकर्षक और अनुशासित स्वरूप दिया जाएगा।

समारोह के दौरान स्वास्थ्य विभाग प्राथमिक उपचार एवं एम्बुलेंस, नगर पालिका स्वच्छता एवं पेयजल, विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति, लोक निर्माण विभाग मंच निर्माण एवं बैरिकेडिंग तथा अग्निशमन विभाग सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। वहीं पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर ने बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि जिले का स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और राष्ट्रभक्ति के उत्साह से ओतप्रोत वातावरण में संपन्न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page