नारायणपुर

घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने पुलिस को मिली वैज्ञानिक तकनीक की ट्रेनिंग

फिंगर प्रिंट की पहचान, संग्रहण और संरक्षण से लेकर NAFIS व MCU के उपयोग तक दी गई जानकारी

नारायणपुर। अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस के विवेचकों एवं पुलिस कर्मचारियों के लिए फिंगर प्रिंट एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर 6 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बैठक कक्ष में आयोजित कार्यशाला में घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

पुलिस मुख्यालय रायपुर से पहुंचीं फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ निरीक्षक अंजलि मिंज ने जिले के विभिन्न थानों से आए विवेचकों एवं पुलिस कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने घटनास्थल निरीक्षण के दौरान फिंगर प्रिंट के महत्व, वैज्ञानिक साक्ष्यों की पहचान, उनके संकलन, संरक्षण और दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया समझाई।

चांस फिंगर प्रिंट की पहचान पर जोर

प्रशिक्षण के दौरान घटनास्थल से मिलने वाले चांस फिंगर प्रिंट की पहचान और उन्हें सुरक्षित तरीके से उठाने की प्रक्रिया बताई गई। साथ ही अपराध अनुसंधान में इन साक्ष्यों के उपयोग के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। अधिकारियों को घटनास्थल निरीक्षण प्रतिवेदन तैयार करने तथा फिंगर प्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित रखने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

NAFIS और MCU के उपयोग की जानकारी

कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वचालित फिंगर प्रिंट पहचान प्रणाली (NAFIS) के महत्व और उपयोग के साथ माप संग्रहण इकाई (MCU) के प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी गई। इसके अलावा स्याही रहित फिंगर प्रिंट पैड, फिंगर प्रिंट खोज पर्ची और लघु फिंगर प्रिंट विकसित करने वाली किट के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने की कवायद

पुलिस का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों में दक्ष बनाकर घटनास्थल निरीक्षण तथा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन को अधिक प्रभावी बनाना है। इससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार के साथ महत्वपूर्ण साक्ष्यों के वैज्ञानिक उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। नारायणपुर पुलिस की ओर से पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button