नारायणपुर

तिरंगे के रंग में सजा भाजपा कार्यालय, राष्ट्रगान से गूंजा परिसर

स्वतंत्रता दिवस पर जिला भाजपा कार्यालय में शान से लहराया तिरंगा, अमर सेनानियों और वीर जवानों को किया नमन

नारायणपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला भाजपा कार्यालय नारायणपुर राष्ट्रभक्ति, गौरव और उत्साह से सराबोर नजर आया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष बिंदेश्वर महावीर ने विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा शान से लहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रगान की गूंज से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र के प्रति निष्ठा एवं समर्पण का संकल्प दोहराया।

झालरों की रोशनी और रंगोली ने बढ़ाई शोभा

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही भाजपा जिला कार्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। झालरों की जगमगाती रोशनी, रंग-बिरंगे तोरण और मातृशक्ति की ओर से बनाई गई मनमोहक रंगोली ने परिसर की सुंदरता बढ़ा दी। तिरंगे के रंगों से सजा कार्यालय परिसर स्वतंत्रता, शौर्य और राष्ट्रगौरव की तस्वीर पेश कर रहा था।

अमर सेनानियों और वीर जवानों को नमन

ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों, राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों और देश के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसकी रक्षा करना और देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे ले जाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा के जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page