छत्तीसगढ़

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बदला अपना स्टाफ, विवादों के बाद विशेष सहायक हटाई गईं

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के कार्यालय में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। लगातार विवादों और कार्यकर्ताओं की नाराजगी के बीच मंत्री की विशेष सहायक रूही टेम्भुरकर को पद से हटाकर उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मंत्री कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष था। आरोप लगाए जा रहे थे कि मंत्री तक पहुंच आसान नहीं रह गई थी और कई मामलों में कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो पा रही थी। यही वजह रही कि संगठन स्तर पर लगातार शिकायतें सामने आती रहीं।

बताया जा रहा है कि रूही टेम्भुरकर पिछले करीब ढाई वर्षों से मंत्री स्टाफ में विशेष सहायक के रूप में कार्यरत थीं। वे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उपायुक्त पद पर पदस्थ हैं और प्रतिनियुक्ति पर मंत्री कार्यालय में जिम्मेदारी संभाल रही थीं। अब शासन ने उन्हें मूल विभाग में वापस भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं।

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि हाल के महीनों में विभाग से जुड़े कुछ विवादों के बाद मंत्री कार्यालय पर दबाव बढ़ गया था। विपक्ष द्वारा भी लगातार सरकार और मंत्री कार्यालय की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे थे। ऐसे में यह फैसला नुकसान नियंत्रण की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।

भाजपा के भीतर भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई कार्यकर्ता इसे “देरी से लिया गया लेकिन सही फैसला” बता रहे हैं। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में मंत्री अपने स्टाफ और कार्यप्रणाली में और बड़े बदलाव कर सकती हैं।

गौरतलब है कि लक्ष्मी राजवाड़े विष्णुदेव साय सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री हैं और युवा चेहरों में प्रमुख मानी जाती हैं। वे पहली बार विधायक बनने के बाद सीधे मंत्रिमंडल में शामिल हुई थीं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page