नारायणपुर

अबूझमाड़ के ढुटा गांव में डिजिटल क्रांति, BSNL 4G की दस्तक से हाईस्पीड इंटरनेट का सपना हुआ साकार

11.75 Mbps डाउनलोड और 3.91 Mbps अपलोड स्पीड मिली, ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सरकारी सेवाओं को मिलेगा नया सहारा

नारायणपुर, 14 जुलाई। नक्सल प्रभावित और दूरस्थ वनांचल क्षेत्र ढुटा गांव अब डिजिटल दुनिया से तेज़ी से जुड़ने लगा है। लंबे इंतजार के बाद गांव में BSNL की 4G मोबाइल सेवा शुरू हो गई है। हाईस्पीड नेटवर्क चालू होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मौके पर ही अपने मोबाइल में 4G सिम लगाकर इंटरनेट की स्पीड जांची, जिसमें 11.75 Mbps डाउनलोड और 3.91 Mbps अपलोड स्पीड दर्ज की गई।

नई सेवा शुरू होने के साथ ही ग्रामीणों ने इसे गांव के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। वर्षों से कमजोर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब ऑनलाइन सेवाओं का लाभ आसानी से मिलने की उम्मीद है।

ऑनलाइन पढ़ाई से लेकर बैंकिंग तक मिलेगी राहत

ग्रामीणों ने बताया कि अब तक कमजोर नेटवर्क के कारण ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग सेवाएं, शासकीय योजनाओं की जानकारी तथा दूर-दराज़ में रहने वाले परिजनों से संपर्क बनाए रखने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब 4G सेवा शुरू होने से इन सभी सुविधाओं तक पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और तेज़ होगी।

ग्रामीणों ने मौके पर किया नेटवर्क का परीक्षण

BSNL टावर परिसर में ग्रामीणों ने नए 4G नेटवर्क का परीक्षण किया। इस दौरान लोगों को 4G सिम उपलब्ध कराने एवं रिचार्ज की सुविधा भी दी गई। हाईस्पीड इंटरनेट का अनुभव मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उनका गांव भी डिजिटल भारत की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ सकेगा।

डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम

केंद्र और राज्य सरकार दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। ढुटा गांव में BSNL 4G सेवा की शुरुआत को इसी अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार, डिजिटल भुगतान और ई-गवर्नेंस जैसी सेवाओं का लाभ अब ग्रामीणों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page