नारायणपुर

राम मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

कांग्रेस भवन से जय स्तंभ चौक तक निकाला मार्च, भाजपा सरकार पर चंदा घोटाले के आरोप; राम मंदिर ट्रस्ट प्रकरण की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठाई मांग

नारायणपुर। अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा अनियमितता प्रकरण को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने नारायणपुर में विरोध मार्च निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से शुरू हुआ मार्च जय स्तंभ चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने कथित चंदा घोटाले के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आए एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक बड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है तथा बड़े आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा को इस मामले में जनता के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों हिंदुओं और सनातन समाज की आस्था से जुड़े इस प्रकरण में दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक इस मामले पर नजर रखे हुए है और दोषियों को संरक्षण देने वालों की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

मार्च में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि देवांगन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडी वड्डे, ओरछा ब्लॉक अध्यक्ष मंगेश, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष गजा पटेल एवं नन्दलाल जायसवाल, जिला कांग्रेस महासचिव संजय राय, शेख तौहीद अहमद, अमित भद्र, शब्बीर बढ़गुजर, संतोष राव, किसान कांग्रेस अध्यक्ष सुक्कू सलाम, कोषाध्यक्ष वीपी शुक्ला, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सोनिका पोर्ते, अध्यक्ष बोधन देवांगन, एनएसयूआई प्रदेश सचिव जय वट्टी, अध्यक्ष विजय सलाम, नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष वेदबती पात्र, पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल, कांग्रेस सदस्य, मंडल अध्यक्ष, बूथ प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा संबंधित पक्ष का जवाब प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page