नारायणपुर

नारायणपुर पुलिस को मिला नया कप्तान, संदीप कुमार पटेल ने संभाली कमान

24वें पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण, कहा– शांति, सुरक्षा और जनता का विश्वास होगी सर्वोच्च प्राथमिकता; नक्सल उन्मूलन व प्रभावी पुलिसिंग पर रहेगा विशेष फोकस

(कैलाश सोनी) नारायणपुर, 14 जुलाई। नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान अब भारतीय पुलिस सेवा (भा.पु.से.) के अधिकारी संदीप कुमार पटेल के हाथों में होगी। राज्य शासन के स्थानांतरण आदेश के तहत रोबिनसन गुड़िया के तबादले के बाद मंगलवार को संदीप कुमार पटेल ने जिले के 24वें पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और नक्सल उन्मूलन अभियान की विस्तृत समीक्षा कर प्राथमिकताएं तय कीं।

पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियानों की प्रगति, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग की विस्तार से जानकारी ली।

जनता का भरोसा जीतना पहली प्राथमिकता

नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि नारायणपुर जैसे संवेदनशील जिले में शांति, सुरक्षा और आमजन का विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगा तथा प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना से काम करते हुए जनता के प्रति संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करेगा।

नक्सल उन्मूलन और अपराध नियंत्रण पर रहेगा फोकस

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने संकेत दिए कि जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सुरक्षा के साथ विश्वास का वातावरण और मजबूत हो।

पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत

पदभार ग्रहण के अवसर पर नारायणपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। नए पुलिस अधीक्षक के आगमन से जिले में पुलिसिंग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page