नारायणपुर

जनदर्शन में उमड़ी लोगों की भीड़

कलेक्टर नम्रता जैन ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

नारायणपुर। जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में मंगलवार को जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर नम्रता जैन ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य उपचार, निर्माण कार्य और भूमि विवाद सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। ग्राम पंचायत तुरठा के सरपंच ने कड़हागांव के मंडलीपारा में ट्रांसफार्मर लगाने, जल जीवन मिशन के तहत सौर प्लेट टैंकर कनेक्शन सुधारने तथा निर्माण कार्य स्वीकृत करने की मांग रखी।

छोटेडोंगर निवासी हेमलता भंडारी ने आर्थिक सहायता, मंगते बाई उसेण्डी ने भूमि विवाद तथा डुमेश्वरी मांझी ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन सौंपा। वहीं सुदेन पोटाई ने गंभीर बीमारी के इलाज के लिए सहायता की मांग की। रामदास सलाम ने पुराने निर्माण कार्य का लंबित भुगतान दिलाने की मांग उठाई।

मालिंगनार की सरपंच लालदई ने पलिया निर्माण, माहका ग्राम पंचायत के सरपंच ने श्मशान घाट में दहन शेड निर्माण एवं हैंडपंप स्थापना की मांग रखी। इसके अलावा ग्रामीणों ने विद्युत ट्रांसफार्मर स्थानांतरण, सड़क एवं पुलिया निर्माण, स्कूल भवन पूर्ण कराने, सोलर बोरवेल सुधार, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, सहायक शिक्षक नियुक्ति, खेल मैदान समतलीकरण तथा ग्राम पंचायत सीमांकन जैसे मुद्दे भी उठाए।

कलेक्टर नम्रता जैन ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि समय-सीमा के भीतर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page