छेरीबेड़ा–नारायणपुर सड़क पर कलेक्टर का सख्त एक्शन, गुणवत्ता से समझौता नहीं
निर्माण में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, मार्च 2026 के पहले सप्ताह तक काम पूरा करने की डेडलाइन

नारायणपुर, 30 दिसंबर। कलेक्टर नम्रता जैन ने छेरीबेड़ा से भाटपाल, बेनूर, गोहड़ा, रेमावंड, नेलवाड़, देवागांव, गढ़बेंगाल होते हुए नारायणपुर तक निर्माणाधीन सड़क कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने दो टूक कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग के एसडीओ को कार्यों का नियमित और सतत निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत भाटपाल से हुई, जहां कलेक्टर ने निर्माण कार्यों के साथ सड़क निर्माण प्रयोगशाला का भी जायजा लिया। यहां कंक्रीट क्यूब का परीक्षण किया गया, जो सफल पाया गया। इसके बाद बैच मिक्स डामर प्लांट और बैच मिक्स कंक्रीट प्लांट का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर जैन ने भाटपाल से बेनूर तक 22 से 32 किलोमीटर खंड में चल रहे कार्यों की प्रगति देखी और निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रोजेक्ट के जनरल मैनेजर प्रेमप्रकाश सिंह से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क के एक साइड पहले डब्ल्यूएमएम कार्य पूर्ण कर शीघ्र डीबीएम कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि माइंस के भारी वाहनों का संचालन रात्रि समय में कराया जाए, ताकि दिन में निर्माण कार्य बाधित न हों। निर्माण कार्य प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने साफ कहा कि सड़क निर्माण कार्य मार्च 2026 के प्रथम सप्ताह तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मजबूत और टिकाऊ सड़क से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और वाहनों का संचालन सुगम होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-38 के अंतर्गत नेलवाड़ में किए गए कंप्रेशन टेस्ट में 9.59 प्रतिशत परिणाम दर्ज हुआ, जो मानकों के अनुरूप पाया गया। इस दौरान सड़क निर्माण में की गई पेड़ कटाई की जानकारी भी ली गई।
नेलवाड़ के बाद कलेक्टर ने गढ़बेंगाल से लगभग 3 किलोमीटर लंबे नए बायपास सड़क का निरीक्षण किया। पहाड़ी मंदिर के पास निरीक्षण का समापन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के एसडीओ जीएस सोरी, लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर धनेश ठाकुर, राहुल कुमार वर्मा, क्वांटिटी इंजीनियर संदीप कुमार यादव, बिलिंग इंजीनियर सुरेंद्र कुमार विश्वकर्मा सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




