नारायणपुर

थाना बेनूर में एसपी का औचक निरीक्षण, डिजिटल पुलिसिंग पर जोर

ई-मालखाना 2.0, ई-साक्ष्य, आईआरएडी और मेडलीपआर के अभिलेखों की जांच; लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक सन्दीप पटेल ने 18 अगस्त को थाना बेनूर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों और डिजिटल रिकॉर्ड के संधारण की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान लंबित अपराध, शिकायतों और विवेचनाओं की स्थिति भी जानी तथा प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।

डिजिटल रिकॉर्ड में गलती की गुंजाइश नहीं

एसपी ने ई-मालखाना 2.0, ई-साक्ष्य, आईआरएडी और मेडलीपआर सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों पर दर्ज अभिलेखों की स्थिति की जांच की। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से डिजिटल रिकॉर्ड के नियमित अद्यतन की जानकारी लेते हुए सभी प्रविष्टियां समय-सीमा में और त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए।

ई-मालखाना 2.0 में जब्त सामग्री एवं मालखाना संबंधी रिकॉर्ड, ई-साक्ष्य में साक्ष्यों के डिजिटल अभिलेखीकरण और प्रबंधन तथा आईआरएडी में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े विवरणों की समीक्षा की गई। वहीं मेडलीपआर में चिकित्सकीय एवं विधि संबंधी मामलों के डिजिटल अभिलेखों के संधारण की स्थिति भी देखी गई।

मालखाना से हवालात तक किया निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात और विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया। लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध निराकरण करने के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज एवं रिकॉर्ड नियमानुसार अद्यतन रखने को कहा।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाएं सतर्कता

एसपी ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सतर्क उपस्थिति बनाए रखने, आम नागरिकों से लगातार संवाद स्थापित करने तथा शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तकनीक से बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही

सन्दीप पटेल ने कहा कि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ती है। इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी डिजिटल माध्यमों पर अभिलेखों के संधारण को प्राथमिकता दें और निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने थाना बेनूर के अधिकारी-कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए बेहतर पुलिसिंग के जरिए आमजन का विश्वास और मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page