70 बेटियों को मिली साइकिल, अब सपनों की राह होगी आसान
सरस्वती साइकिल योजना से शासकीय बुनियादी कन्या शिक्षा परिसर गरांजी की कक्षा 9वीं की छात्राओं को मिली सौगात; रूपसाय सलाम बोले—शिक्षा के साथ बेटियों के सपनों को भी मिलेगी नई उड़ान

नारायणपुर। सुदूर क्षेत्रों की बेटियों के लिए स्कूल तक पहुंच की राह आसान करने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय बुनियादी कन्या शिक्षा परिसर, गरांजी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं की 70 पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। नई साइकिलें पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम मुख्य अतिथि तथा जिला पंचायत सदस्य संतनाथ उसेंडी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सिर्फ साइकिल नहीं, शिक्षा तक पहुंच का साधन
मुख्य अतिथि रूपसाय सलाम ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं के लिए स्कूल तक आने-जाने की राह आसान होगी और समय की बचत भी होगी।
उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना केवल स्कूल तक पहुंच आसान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सुदूर क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों के बड़े सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम भी है। बेटियां शिक्षा, संस्कार और अपनी प्रतिभा के बल पर परिवार, समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य संतनाथ उसेंडी ने छात्राओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दें। उन्होंने छात्राओं को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
साइकिल मिलते ही खिल उठे चेहरे
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही छात्राओं को साइकिलें मिलीं, उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। छात्राओं ने शासन की इस योजना के लिए आभार जताते हुए कहा कि साइकिल से विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी।
खासकर दूर से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए साइकिल समय, श्रम और आवागमन की परेशानी कम करने वाली उपयोगी सौगात साबित होगी।
छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य कमलेश सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगरपालिका नारायणपुर के पार्षद कमलापति मिश्र, ग्राम पंचायत गरांजी की सरपंच चंद्रिका वड्डे, वरिष्ठ नागरिक गोपाल राम दुग्गा, रामलाल देवांगन, संगीता पाण्डे, महेश कुमार उसेंडी, भारत कुमार शर्मा, शैलेशचन्द्र देवांगन, पुष्पा सिंह, नीता देवांगन, कु. शोभना मांझी, खुशबू पाटिल, लोकनाथ नायक, कु. कायनात परवीन, धनंजय साहू, लखेन्द देवांगन, खुशबू कस्तुरे, सुश्री इन्दुमानिकपुरी, पुनिया नेताम, दामिनी चन्द्रवंशी, प्रतिभा भानु, शिशिर शुक्ला, शैलेश खलखो, तरुण ध्रुव, सुनीता कुमेटी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।
साइकिल से आसान होगी बेटियों की राह
गरांजी के शासकीय बुनियादी कन्या शिक्षा परिसर में 70 छात्राओं को मिली साइकिलें सिर्फ परिवहन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा से जुड़ाव मजबूत करने और बेटियों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। दूरदराज से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए यह सुविधा नियमित उपस्थिति और पढ़ाई जारी रखने में मददगार साबित हो सकती है।




