अबूझमाड़ में आईटीबीपी जवानों से भरा वाहन पलटा
कोड़नार के पास हादसा, छह जवान घायल; दो की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर आईटीबीपी जवानों से भरा एक लिफ्टर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में छह जवान घायल हो गए, जिनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल नारायणपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार आईटीबीपी की 53वीं वाहिनी के जवान कुतुल से आगे कोड़नार मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। शुक्रवार को जवान सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने निकले थे और वापसी के दौरान कोड़नार कैंप लौट रहे थे। इसी बीच कोड़नार के पास जवानों से भरा लिफ्टर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद घायल जवानों को तत्काल राहत एवं उपचार के लिए बाहर निकाला गया। दुर्घटना में घायल चार जवानों का कुतुल पुलिस कैंप में प्राथमिक उपचार जारी है, जबकि दो गंभीर घायल जवानों को जिला अस्पताल भेजा गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अमले में हलचल बढ़ गई। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण वाहन के संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।




