नगर विकास को मिली नई ताकत, चार नए एल्डरमैन ने संभाली जिम्मेदारी
नगर पालिका परिषद में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर संभाला कार्यभार, शहर के सर्वांगीण विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का लिया संकल्प

नारायणपुर। नगर पालिका परिषद नारायणपुर में शुक्रवार को आयोजित गरिमामय समारोह में शासन द्वारा मनोनीत चार नए एल्डरमैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सभी नवनियुक्त सदस्यों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्पक्षता से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस वर्ष शासन द्वारा नगर पालिका परिषद में चार एल्डरमैन की नियुक्ति की गई है। शपथ लेने वालों में मोदनारायण झा, सुधांशु मंडल, प्रभा महंत और यश कुमार बेलसरिया शामिल हैं। शपथ ग्रहण के साथ ही चारों सदस्य परिषद की कार्यप्रणाली से औपचारिक रूप से जुड़ गए।
समारोह के बाद नवनियुक्त एल्डरमैन ने कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर के सर्वांगीण विकास, नागरिक सुविधाओं का विस्तार और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ नगर हित में कार्य करेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवनियुक्त एल्डरमैन का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सहयोग से शहर की विकास योजनाओं को नई दिशा मिलेगी तथा जनहित के कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिषद की कार्यक्षमता और जनसेवा दोनों को नई मजबूती मिलेगी।
शपथ ग्रहण समारोह में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




