छत्तीसगढ़ की बेटी रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय नेतृत्व, महिला मोर्चा में उत्साह
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं महासमुंद सांसद, प्रदेश पदाधिकारियों ने जताया हर्ष; कहा—अनुभव और नेतृत्व से संगठन को मिलेगी नई दिशा

रायपुर। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ भाजपा में उत्साह का माहौल है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से राष्ट्रीय टीम की नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने चौधरी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश महिला मोर्चा ने कहा कि रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका, महिला कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा को मिलेगा।
जिला पंचायत से संसद तक पहुंचा राजनीतिक सफर
रूपकुमारी चौधरी का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर से शुरू हुआ। वर्ष 2005 से उन्होंने जिला पंचायत स्तर पर सक्रिय राजनीतिक भूमिका निभाई। वे महासमुंद जिला भाजपा महिला मोर्चा में महामंत्री का दायित्व भी संभाल चुकी हैं। इसके बाद वर्ष 2013 में पहली बार बसना विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुईं। छत्तीसगढ़ शासन में संसदीय सचिव की जिम्मेदारी भी संभाली।
संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहने और महिला कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर काम करने के कारण उन्होंने पार्टी में अलग पहचान बनाई। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में महासमुंद सीट से जीत दर्ज कर वे संसद पहुंचीं। अब उन्हें भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महिला सशक्तीकरण के अभियानों को मिलेगी गति
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि रूपकुमारी चौधरी ने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए महिलाओं को पार्टी की विचारधारा और जनसेवा से जोड़ने का काम किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनके अनुभव का लाभ देशभर की महिला कार्यकर्ताओं को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा के संगठनात्मक कार्यक्रमों को नई गति मिलेगी।
प्रदेश महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण से जुड़े अभियानों को बूथ स्तर तक पहुंचाने और महिलाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण साबित होगी।
महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह
रूपकुमारी चौधरी की नियुक्ति की खबर सामने आते ही प्रदेश और जिला स्तर के महिला मोर्चा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। महिला मोर्चा की ओर से कहा गया कि छत्तीसगढ़ की बेटी को भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के हजारों महिला कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है।
पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि चौधरी के नेतृत्व में महिला मोर्चा देशभर में संगठन को और मजबूत करेगा तथा महिलाओं से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि बूथ और मंडल स्तर पर कार्य कर रही महिला कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय नेतृत्व से नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रदेश महिला मोर्चा ने रूपकुमारी चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। पदाधिकारियों ने कहा कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा नई ऊर्जा, नई दिशा और व्यापक विस्तार के साथ आगे बढ़ेगा।




