नारायणपुर

टीबी मुक्त भारत के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

नारायणपुर। स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में टीबी मुक्त भारत अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के करीब 90 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्केच और निबंध से दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करने के साथ समाज में इसके प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करना रहा। विद्यार्थियों ने स्केच आर्ट, निबंध लेखन सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से टीबी उन्मूलन का संदेश दिया।

इसके साथ ही नारी शक्ति, बाल कल्याण और बाल सुरक्षा जैसे विषयों पर भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को टीबी की पहचान और बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ बालिकाओं की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा बच्चों के अधिकार एवं सुरक्षा को लेकर संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय प्रबंधन, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों के साथ जिला क्षय उन्मूलन केंद्र से डीपीसी जयदीप देवांगन, जिला पीपीएम द्वारिका साहू एवं जिला पीएमडीटी समन्वयक संगीता ब्रम्हा नोटिया उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग से जिला मिशन समन्वयक बिंदेश्वरी साहू, बाल संरक्षण काउंसलर सची देवांगन तथा टीबी चैंपियन ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया।

अंत में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों से टीबी उन्मूलन, बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल सुरक्षा का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page