बारिश से बिगड़े हालात: कलेक्टर-एसपी खुद पहुंचे मैदान में, जलभराव वाले इलाकों का किया निरीक्षण
उफनते नालों और बिंजली डैम का लिया जायजा, जोखिम वाले मार्गों पर तत्काल रोक के निर्देश; सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, राहत दल अलर्ट पर

नारायणपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जिले में कई क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के उफान से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क भी बाधित होने लगा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर नम्रता जैन और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल स्वयं मैदान में उतरे और गुरुवार को जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
चेचनपारा में उफनते नाले का लिया जायजा
कलेक्टर एवं एसपी ने सबसे पहले पालकी के आश्रित पारा चेचनपारा पहुंचकर उफनते नाले और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रभावित क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में राहत दल तत्काल मौके पर पहुंचे।
कलेक्टर ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
बिंजली डैम की मेढ़ पर आवाजाही पर लगेगी रोक
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बिंजली डैम का भी निरीक्षण किया। डैम की मेढ़ पर बारिश के बीच बाइक और अन्य वाहनों की आवाजाही को अत्यंत जोखिमपूर्ण मानते हुए उन्होंने तत्काल इस मार्ग पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए।
साथ ही जल संसाधन विभाग को डैम के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाने, बैरिकेडिंग करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर
कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। नदी-नालों, जलमग्न सड़कों और जोखिम वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही रोकने तथा ग्रामीणों को लगातार जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने भी पुलिस बल को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन की नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें और जलमग्न मार्गों पर जोखिम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता अशोक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- कलेक्टर और एसपी ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण।
- चेचनपारा में उफनते नाले की स्थिति का लिया जायजा।
- बिंजली डैम की मेढ़ पर वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक के निर्देश।
- संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और राहत दलों को अलर्ट रहने के निर्देश।
- प्रशासन ने नागरिकों से उफनते नदी-नालों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की।




