‘निक मोबाइल इयाना’ अभियान से 59 लोगों के चेहरे खिले, नारायणपुर पुलिस ने लौटाए 11.17 लाख के गुम मोबाइल
साइबर सेल की तकनीकी पड़ताल से बरामद हुए 59 मोबाइल, एसपी संदीप कुमार पटेल ने स्वामियों को सौंपे; साइबर ठगी से बचाव के लिए भी किया जागरूक

नारायणपुर। नारायणपुर पुलिस के विशेष साइबर अभियान ‘निक मोबाइल इयाना’ ने एक बार फिर सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल पेश की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन तकनीकी विश्लेषण और सतत प्रयासों से खोजकर साइबर सेल ने उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाए। करीब 11 लाख 17 हजार रुपये मूल्य के 59 मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने उनके स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय साबद्रा, अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में साइबर सेल ने यह विशेष अभियान चलाया। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से प्राप्त गुम मोबाइल संबंधी आवेदनों पर तकनीकी जांच कर मोबाइलों का पता लगाया गया और उन्हें बरामद किया गया।
तकनीक और त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, साइबर सेल ने मोबाइल ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से 59 मोबाइल फोन बरामद किए। 24 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए। पुलिस की इस पहल को नागरिकों ने सराहा और जनहित में चलाए जा रहे अभियान की प्रशंसा की।
सामुदायिक पुलिसिंग का बना प्रभावी मॉडल
अभियान उप पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी आशीष नेताम के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। अभियान में सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार शोरी, आरक्षक राजू बघेल, रामचंद्र यादव, संदीप चौहान, जयलाल पोटाई, सुमित नाग, कमलेश साहू, गंगाराम कोर्राम तथा साइबर वॉलंटियर्स अनुराग नाग, अंजलि नेताम और सुखपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील
मोबाइल वितरण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर सूचना दर्ज कराएं और निकटतम थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी या साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें तथा 24 घंटे के भीतर राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
एक नजर में
- 59 गुम मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाए गए।
- बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 11.17 लाख रुपये से अधिक।
- साइबर सेल के विशेष अभियान ‘निक मोबाइल इयाना’ के तहत हुई कार्रवाई।
- नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक।




