सेवानिवृत्ति के साथ मिली सम्मान की सौगात, घर जाते ही मिला पेंशन प्राधिकार पत्र
कलेक्टर नम्रता जैन ने उद्यानिकी विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी बिसराम कुलदीप को पीपीओ सौंपा, शाल-श्रीफल से किया सम्मानित

नारायणपुर। शासकीय सेवकों को सेवानिवृत्ति के साथ ही सम्मान और समय पर पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और सकारात्मक पहल की। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित समारोह में कलेक्टर नम्रता जैन ने उद्यानिकी विभाग से 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए बिसराम कुलदीप को सेवानिवृत्ति के तत्काल बाद पेंशन प्राधिकार पत्र (पीपीओ) प्रदान किया। इस दौरान उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने श्री कुलदीप के लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों की ईमानदार और समर्पित सेवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत होती है। उन्होंने पेंशन राशि का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह देते हुए स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्री कुलदीप को सेवानिवृत्ति पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आत्मीय माहौल में आयोजित समारोह में जिला कोषालय अधिकारी हरीश साहू, उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक जितेश देहारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
- 31 जुलाई को हुए सेवानिवृत्त, अगले ही दिन मिला पीपीओ।
- कलेक्टर ने शाल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मान।
- समय पर पेंशन सुविधा से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिली राहत।
- अधिकारियों ने उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।




