नारायणपुर

जंगल के भीतर मिला नक्सलियों का हथियारों का जखीरा, संयुक्त बलों ने किया बड़ा खुलासा

ओरछा क्षेत्र के पदगुंडा-करसेनार के जंगल में आईटीबीपी और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 12 बोर रायफल, मोर्टार शेल, कारतूस व भाले समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

नारायणपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित और शांत बनाए रखने की दिशा में सुरक्षा बलों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। शनिवार को ओरछा थाना क्षेत्र के पदमेटा कैंप से निकली 44वीं वाहिनी आईटीबीपी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने पदगुंडा-करसेनार के घने जंगलों में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार एवं विस्फोटक सामग्री का एक बड़ा डंप बरामद किया। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार नक्सल मुक्त घोषित क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों की तलाश के लिए संयुक्त सुरक्षा बल लगातार विशेष सर्च अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान के तहत शनिवार 25 जुलाई को पदमेटा कैंप से पदगुंडा-करसेनार की दिशा में सुरक्षा बलों ने जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया हथियारों और अन्य सामग्री का डंप बरामद हुआ।

रायफल से लेकर मोर्टार शेल तक मिले

सुरक्षा बलों ने डंप से एक 12 बोर रायफल, 55 नग 12 बोर कारतूस, 51 मिमी के चार स्थानीय निर्मित मोर्टार शेल, 25 लोहे के भाले, एक बैटरी, एक स्टील कंटेनर तथा भाकपा (माओवादी) का एक झंडा बरामद किया। सभी सामग्री को जब्त कर जांच की जा रही है।

सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ समय से नारायणपुर जिले के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। इसके बावजूद किसी भी संभावित गतिविधि की पुनरावृत्ति रोकने तथा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों की बरामदगी के लिए संयुक्त सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं।

पुलिस की अपील

नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु, गतिविधि अथवा नक्सल संबंधी सूचना मिले तो उसकी जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page