आमदई मार्ग पर फिर रफ्तार का कहर, नशे में धुत चालक ने आयरन ओर से लदे ट्रक में मारी टक्कर
लाटापारा के पास खड़े ट्रक के उड़े परखच्चे, चालक मौके से फरार; कोई जनहानि नहीं, बड़ा हादसा टला • जर्जर सड़क और भारी वाहनों की आवाजाही पर फिर उठे सवाल

(संतोष मजूमदार) छोटेडोंगर। आमदई माइंस–छोटेडोंगर मार्ग पर शनिवार को एक बार फिर तेज रफ्तार और कथित नशे में वाहन चलाने की लापरवाही सामने आई। लाटापारा के पास सड़क किनारे खड़े आयरन ओर से लदे ट्रक को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायणपुर निवासी आनंद नाग का ट्रक आमदई माइंस से आयरन ओर लोड कर छोटेडोंगर-लाटापारा मार्ग पर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रायपुर की ओर से आमदई माइंस जा रहा एक ट्रक तेज गति से पहुंचा और खड़े वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय चालक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही छोटेडोंगर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
आमदई मार्ग पर लगातार हादसे, फिर उठे सुरक्षा के सवाल
आमदई माइंस क्षेत्र से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक आयरन ओर लेकर रायपुर और अन्य स्थानों के लिए रवाना होते हैं। छोटेडोंगर से आमदई तक का मार्ग भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण अत्यधिक व्यस्त रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति, भारी ट्रैफिक और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाएं आम होती जा रही हैं। इसके बावजूद सड़क सुधार और यातायात व्यवस्था को लेकर अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे चालकों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से आमदई-छोटेडोंगर मार्ग की मरम्मत, नियमित जांच अभियान और भारी वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है।




