19,024 फीट की ऊंचाई पर लहराया अबूझमाड़ नारायणपुर का नाम
युवा राइडर राज श्रीवास ने बाइक से फतह किए जोजि ला, खारदुंग ला, फोटी ला और दुनिया के सबसे ऊंचे दर्रों में शामिल उमलिंग ला पास

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ नारायणपुर के युवा राइडर राज श्रीवास (वास्तविक नाम धर्मराज श्रीवास) ने अपने जुनून, साहस और दृढ़ संकल्प के दम पर एक अनूठी उपलब्धि हासिल करते हुए 19,024 फीट की ऊंचाई पर स्थित विश्व प्रसिद्ध उमलिंग ला पास तक बाइक से पहुंचकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
राज श्रीवास की यह यात्रा केवल रोमांच के लिए नहीं थी, बल्कि अपने शहर “अबूझमाड़ नारायणपुर” की पहचान देशभर तक पहुंचाने का एक प्रयास भी थी। उनकी बाइक पर लिखा “Abujhmad Narayanpur” हर पड़ाव पर लोगों का ध्यान आकर्षित करता रहा और वे जहां भी पहुंचे, वहां अपने क्षेत्र की पहचान को गर्व से प्रस्तुत किया।

नारायणपुर से शुरू हुई यह लंबी और चुनौतीपूर्ण यात्रा हजारों किलोमीटर तक फैली रही। इस दौरान उन्होंने भिलाई, जबलपुर, आगरा, दिल्ली, पंजाब, श्रीनगर, कारगिल और लेह सहित कई शहरों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों को पार किया। सफर के दौरान कठिन मौसम, लंबी दूरी, ऑक्सीजन की कमी और ऊंचाई से जुड़ी परेशानियों जैसी अनेक चुनौतियां सामने आईं, लेकिन उनका हौसला लगातार मजबूत बना रहा।
राज श्रीवास इससे पहले भी 3700 किलोमीटर से अधिक की लंबी बाइक यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे राज्यों का सफर तय किया था। उन्होंने बताया कि उस यात्रा का मुख्य उद्देश्य “इंडिया बाइक वीक” में शामिल होना था, जहां देश-विदेश के बाइकर्स एकत्र होकर अपने अनुभव साझा करते हैं।
लद्दाख का उमलिंग ला पास दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल रास्तों में गिना जाता है। यहां कम ऑक्सीजन, तेज ठंडी हवाएं और बेहद कठिन रास्ते हर राइडर की परीक्षा लेते हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में बाइक से पहुंचना किसी उपलब्धि से कम नहीं माना जाता। राज श्रीवास ने अपने जुनून और मेहनत के दम पर इस कठिन लक्ष्य को हासिल कर लिया।
राज ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा करने का साहस जुटाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उनके सपने को समझा और हर संभव सहयोग दिया। इस यात्रा में Shubh Mobile Narayanpur, SBM Auto Detailing, जीतू सेन, Starlines, CGCB200X-Rides और BBC- Bastar Biker Club का विशेष सहयोग रहा। राज स्वयं भी बस्तर बाइकर क्लब के सदस्य हैं।
वर्तमान में उनकी इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर भी जमकर सराहना हो रही है। लोग उनके साहस, जज्बे और अपने क्षेत्र के प्रति प्रेम की प्रशंसा कर रहे हैं।
राज श्रीवास ने कहा, “जब मैं 19,024 फीट ऊंचे उमलिंग ला पास पर पहुंचा, तब ऐसा लगा जैसे मेरे साथ पूरा अबूझमाड़ नारायणपुर उस ऊंचाई तक पहुंच गया हो।”




