13 जून को रायपुर में जुटेगा NHM कर्मियों का महाकुंभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, स्वास्थ्य मंत्री समेत कई कैबिनेट मंत्री करेंगे शिरकत

प्रदेशभर से 18 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी परिवार सहित होंगे शामिल, जिला इकाइयों ने तेज की तैयारियां
नारायणपुर/रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ द्वारा 13 जून को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई कैबिनेट मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

प्रदेशभर के ग्रामीण एवं शहरी उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत 18 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार सहित सम्मेलन में भाग लेंगे। इसे लेकर सभी जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
एकजुटता और योगदान के प्रदर्शन का मंच
एनएचएम कर्मचारी संघ के अनुसार महासम्मेलन कर्मचारियों की एकजुटता, समर्पण और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा आमंत्रण स्वीकार किए जाने के बाद कर्मचारियों में उत्साह और बढ़ गया है।
संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया था, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।
नारायणपुर जिला इकाई ने मंत्रियों को सौंपा आमंत्रण
महासम्मेलन की तैयारियों के तहत एनएचएम कर्मचारी संघ की नारायणपुर जिला इकाई ने कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंकराम वर्मा से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान महासम्मेलन के उद्देश्य तथा एनएचएम अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
पद्मश्री पंडी राम मंडावी से लिया आशीर्वाद
जिला कार्यकारिणी के सदस्यों ने पद्मश्री सम्मानित पंडी राम मंडावी से भी मुलाकात कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। मंत्रियों और संघ पदाधिकारियों के बीच उनके निवास पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई।
‘ऐतिहासिक होगा महासम्मेलन’
एनएचएम कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष छत्रपाल साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से कर्मचारियों में विशेष उत्साह है और आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके अनुसार यह महासम्मेलन एनएचएम कर्मचारियों की संगठनात्मक शक्ति और एकता का ऐतिहासिक प्रदर्शन साबित होगा।




