नारायणपुर

कुकड़ाझोर थाने का औचक निरीक्षण, पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा

एसपी रोबिनसन गुड़िया ने लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण, प्रभावी गश्त और सामुदायिक पुलिसिंग पर दिया जोर

नारायणपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने मंगलवार को थाना कुकड़ाझोर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र में संचालित पुलिस गतिविधियों, अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों तथा अभिलेखों के संधारण का विस्तृत जायजा लिया और लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध पंजी, शिकायत पंजी, मर्ग एवं गुम इंसान प्रकरण, लंबित अपराधों की विवेचना, वारंट एवं समंस तामीली की स्थिति सहित विभिन्न अभिलेखों का परीक्षण किया। उन्होंने गंभीर अपराधों की विवेचना में विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए।

एसपी गुड़िया ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने नियमित गश्त और वाहन जांच को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, मालखाना, ई-मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीवी प्रणाली और संचार व्यवस्था सहित अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने जब्त सामग्री और संपत्तियों के व्यवस्थित रख-रखाव तथा नियमित अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में स्वच्छता एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर बल दिया।

जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार की हिदायत

एसपी रोबिनसन गुड़िया ने थाना कुकड़ाझोर के समस्त पुलिस बल की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त, जनसंपर्क और सामुदायिक पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और मित्रवत व्यवहार अपनाते हुए शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

माड़ मैत्री अभियान की भी हुई समीक्षा

पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में संचालित सामुदायिक पुलिसिंग और माड़ मैत्री अभियान के तहत चल रहे जनसंपर्क कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता और समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत रहने की हिदायत दी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page