नारायणपुर

“सबसे दूर, सबसे पहले” थीम पर जनजातीय गरिमा उत्सव अभियान शुरू

जिले के 262 जनजातीय बाहुल्य गांवों में लगेंगे विशेष शिविर, योजनाओं से जोड़े जाएंगे हितग्राही

नारायणपुर। जिले में जनजातीय गरिमा उत्सव जन भागीदारी अभियान के तहत गुरुवार को जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिला स्तरीय अधिकारियों एवं नामित नोडल अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इसके अंतर्गत जिले के 262 जनजातीय बाहुल्य गांवों में विशेष संतृप्तिकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। आदि कर्मयोगी योजना के तहत 255 गांवों तथा पीएम जनमन योजना अंतर्गत 204 गांवों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

अभियान के तहत 18 मई से 25 मई 2026 तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में स्वास्थ्य जांच, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता अनुसार लाभ वितरण एवं विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला स्तर पर यह अभियान “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” थीम पर संचालित किया जाएगा।

कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सेवा संतृप्ति सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने एवं ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही कर्मयोगी अभियान अंतर्गत निर्मित आदि सेवा केंद्रों में जनसुनवाई आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने एवं निराकरण की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अभियान के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शासन और ग्रामीणों के बीच संवाद को और मजबूत किया जाएगा तथा लोगों को उनके अधिकारों एवं योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीण नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग एवं जनभागीदारी से ही जनजातीय क्षेत्रों का समग्र विकास संभव है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page