दंतेवाड़ा

बस्तर के सपनों को मिली नई उड़ान, ‘छू लो आसमान’ के 24 विद्यार्थियों ने NEET में रचा इतिहास

करली की आवासीय संस्था के विद्यार्थियों ने चिकित्सा शिक्षा की ओर बढ़ाया कदम • वन मंत्री केदार कश्यप ने मेधावियों का किया सम्मान, टैबलेट भेंट कर बढ़ाया उत्साह • बोले— युवा ही विकसित बस्तर और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत

दंतेवाड़ा। बस्तर के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देते हुए करली स्थित ‘छू लो आसमान’ आवासीय शैक्षणिक संस्था ने एक नया इतिहास रच दिया है। संस्था के 24 विद्यार्थियों ने NEET-2026 में सफलता हासिल कर चिकित्सा शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, परिवहन तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सफल विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें टैबलेट भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बस्तर की प्रतिभा, मेहनत और बदलती शिक्षा व्यवस्था का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों को कभी केवल चुनौतियों के लिए जाना जाता था, आज वहीं के युवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर प्रदेश और देश में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। यह बदलते बस्तर की सकारात्मक तस्वीर है, जिस पर पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व है।

प्रतिभा को मिलेगा सरकार का पूरा सहयोग

मंत्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल शिक्षा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को उसके लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए आवश्यक संसाधन, मार्गदर्शन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि NEET में सफलता उनके जीवन की अंतिम मंजिल नहीं, बल्कि समाज सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता की नई यात्रा की शुरुआत है।

शिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत को भी मिला सम्मान

उन्होंने ‘छू लो आसमान’ संस्था के शिक्षकों, मार्गदर्शकों और अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और सतत प्रयासों ने वनांचल के अनेक विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने के सपने के और करीब पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह संस्था बस्तर के और अधिक युवाओं को चिकित्सा सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाएगी।

24 विद्यार्थियों की सफलता बनी बस्तर के लिए प्रेरणा

संस्था के अनुसार NEET-2026 में कुल 24 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है। यह उपलब्धि बस्तर अंचल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की लगन और संस्थान के समर्पित मार्गदर्शन का सशक्त प्रमाण मानी जा रही है।

ये रहे मौजूद

सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page