बारिश के अंधेरे में शरारती तत्वों ने किया मार्ग अवरुद्ध, यातायात पुलिस की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना
गौरव पथ श्मशान घाट मार्ग पर स्टॉपर बीच सड़क रखकर रोका आवागमन, सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी ने बहाल कराया रास्ता

नारायणपुर। लगातार हो रही भारी बारिश और घुप अंधेरे के बीच शहर में एक गंभीर लापरवाही सामने आई, जब शरारती तत्वों ने गौरव पथ श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर पुलिस द्वारा लगाए गए स्टॉपर को बीच सड़क पर लाकर आवागमन पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया। यह हरकत ऐसे समय में की गई जब क्षेत्र में बारिश के कारण दृश्यता पहले ही बेहद कम थी और बिजली भी आंख-मिचौली कर रही थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह अवरोध बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। जैसे ही इसकी सूचना यातायात प्रभारी मोहसिन खान को मिली, उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर भारी बारिश के बीच स्वयं मोर्चा संभाला और मार्ग को तत्काल बहाल कराया।
यातायात पुलिस की मुस्तैदी के चलते संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि, इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसे शरारती तत्वों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बारिश और अंधेरे के बीच पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई राहत भरी रही, लेकिन यह घटना इस बात का संकेत भी है कि शहर में सुरक्षा और निगरानी को और मजबूत करने की जरूरत है।




