क्राइम

नारायणपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: दो चोरी के मामले सुलझे, शातिर आरोपी गिरफ्तार

सोने-चांदी के आभूषण, नकदी व एक्टिवा स्कूटी बरामद — त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने दिखाया अपराध पर नियंत्रण

नारायणपुर। थाना नारायणपुर पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण का संदेश गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 अप्रैल की रात अज्ञात आरोपी ने उसके सूने मकान का दरवाजा तोड़कर अलमारी से करीब एक लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के आभूषण (हार, अंगूठी, पायल) चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपए आंकी गई।

इसी बीच एक अन्य मामले में एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट पर भी थाना नारायणपुर में अलग से अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी।

तकनीकी साक्ष्य से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गुड़रीपारा निवासी आनंद नेताम उर्फ ढेला (18) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

निशानदेही पर बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नगद 6,010 रुपए, एक सोने का हार, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल और एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी सहित अन्य अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित अपराधों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उनि राम नरेश गौतम, उनि राजकुमार राय, सहायक उपनिरीक्षक भारत राजपूत, प्रधान आरक्षक राकेश राजपूत, आरक्षक शंकर गोटा, हीरा मरकाम और साइबर सेल के आरक्षक संदीप सिंह की अहम भूमिका रही।

पुलिस की अपील
नारायणपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page