कुदाली से वार कर हत्या, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश बनी वजह, मक्का बाड़ी में वारदात को दिया अंजाम

नारायणपुर। जिले के थाना एडका क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंडापाल आमापारा में हुई हत्या की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तत्परता से मामले में अहम साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सनऊराम गावड़े और आरोपी बुधुराम पोटाई के बीच पूर्व से आपसी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर मक्का बाड़ी में कुदाली से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही सनऊराम की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना एडका पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुदाली भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
विवादों को संवाद से सुलझाने की अपील
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद को आपसी बातचीत और कानूनी माध्यम से सुलझाएं, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।




