गैस कीमतों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, जय स्तंभ चौक में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
जिला अध्यक्ष बोले—चुनाव खत्म होते ही महंगाई की मार, आम जनता परेशान — अंतरराष्ट्रीय हालात का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रही सरकार

नारायणपुर। बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को जय स्तंभ चौक में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया है।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान ने कहा कि गैस की कीमतों में अचानक वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हर बार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर महंगाई की जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करती है, जबकि देश में आम लोगों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
‘चुनाव के बाद बढ़ती है महंगाई’
दीवान ने कहा कि पहले भी कई मौकों पर यह देखने को मिला है कि चुनाव खत्म होते ही कीमतों में बढ़ोतरी की जाती है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी द्वारा समय-समय पर महंगाई को लेकर जताई गई आशंकाएं सही साबित होती रही हैं।
छोटे व्यापारियों पर भी असर
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में करीब 1000 रुपए तक की वृद्धि हुई है, वहीं छोटे सिलेंडरों के दाम में भी बढ़ोतरी से ठेला-खुमचा चलाने वाले व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।
बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, शहर कांग्रेस प्रभारी रवि देवांगन, कोषाध्यक्ष वीपी शुक्ला, महासचिव शेख तौहीद अहमद, संजय राय, अमित भद्र, ब्लॉक अध्यक्ष रानू कुमेटी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रसीला कश्यप, सोनिका पोर्ते, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता मांझी, वेदबती पात्र, जिला महासचिव शब्बीर बढ़गुजर, पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल, मधेश्वर जैन, अनवर खान, रमेश ध्रुव, मंडल अध्यक्ष सुगदू कुमेटी, सरपंच गणेश शोरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



