नारायणपुर

आमदई माइंस मार्ग पर धधक उठा ट्रक, बाल-बाल बचे चालक-हेल्पर

चलते वाहन में अचानक लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका; वाटर टैंकर और साथी वाहन चालकों ने संभाला मोर्चा

 

नारायणपुर। जिले के ओरछा मुख्य मार्ग पर आमदई माइंस के पास मंगलवार को चलते ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ट्रक का केबिन धू-धू कर जलने लगा। ट्रक में मौजूद चालक और हेल्पर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे दोनों सुरक्षित बच गए। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप

जानकारी के अनुसार CG27 P7185 नंबर का ट्रक आमदई माइंस के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन के केबिन में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। चालक और हेल्पर ने खतरा भांपते हुए तत्काल ट्रक से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

वाटर टैंकर से पाया आग पर काबू

ट्रक को आग की लपटों में घिरा देखकर आसपास मौजूद लोगों और अन्य वाहन चालकों ने तत्काल मोर्चा संभाला। माइंस के वाटर टैंकर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। अन्य ट्रक चालकों ने भी सहयोग किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई। बताया गया कि ट्रक नारायणपुर निवासी जयदेव मलिक का है।

बड़ा हादसा टला

आमदई माइंस क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में ट्रक में लगी आग यदि समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो आसपास मौजूद अन्य वाहनों और लोगों के लिए भी खतरा बढ़ सकता था। चालक और हेल्पर के सुरक्षित बचने के साथ ही आग पर समय रहते काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्सों का भी निरीक्षण किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button